बिसवां,सीतापुर(संवाददाता): मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। उन्होंने इमरजेंसी विभाग, ओपीडी, प्रसव कक्ष, लैब, एक्स-रे रूम और ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। केंद्र में औषधियों के स्टॉक तथा दवा वितरण प्रणाली की स्थिति की भी गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने ओपीडी में डॉक्टरों की उपस्थिति दर्ज की और पोस्ट-ऑप वार्ड में भर्ती मरीजों से संवाद कर उन्हें मिल रही चिकित्सकीय सुविधाओं की जानकारी ली।
सीडीओ डॉ. जोशी ने अधिकारियों व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं और किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। इस मौके पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कपूर, डॉ. कैलास चंद्रा, डॉ. कामरान, डॉ. सुमित मेहरोत्रा सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ